बिहार में पेंशन योजना का बड़ा विस्तार, अब बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को ₹1100 महीना मिलेगा



मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन राशि में भारी बढ़ोतरी का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर जानकारी दी कि अब इन सभी पात्र लाभार्थियों को ₹400 की जगह ₹1100 प्रति माह की दर से पेंशन दी जाएगी। यह बढ़ी हुई राशि जुलाई महीने से लागू होगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लाभार्थियों को यह राशि हर महीने 10 तारीख को सीधे उनके खातों में भेजी जाएगी, ताकि समय पर उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके। इस नई व्यवस्था से राज्य के 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को सीधा फायदा मिलेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने ट्वीट में लिखा,

> "वृद्धजन समाज का अनमोल हिस्सा हैं और उनका सम्मानजनक जीवन-यापन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगी।"



यह कदम राज्य सरकार की सामाजिक न्याय और संवेदनशील प्रशासन की नीति को दर्शाता है, जिससे समाज के वंचित वर्गों को मजबूती और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिल सके।

वहीं खोदावंदपुर जदयू प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का यह निर्णय बेहद सराहनीय है। इससे समाज के वृद्धजनों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को सम्मानजनक जीवन जीने में मदद मिलेगी। यह पेंशन सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं बल्कि राज्य सरकार की संवेदनशील सोच और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हमेशा से समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को प्राथमिकता दी है और यह योजना उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।