फफौत गांव में वर्षों पुराने वेदखली वाद का समाधान, पर्चाधारी को मिला न्यायालय के आदेश से भूमि पर कब्जा



खोदावंदपुर/बेगूसराय। अंचल क्षेत्र के फफौत गांव में एक लंबे समय से चला आ रहा भूमि विवाद आखिरकार सुलझ गया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अंचल प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में पर्चाधारी को भूमि पर कब्जा दिलाकर वर्षों पुराने विवाद का पटाक्षेप कर दिया।


जानकारी के अनुसार, मामला मौजा - फफौत, थाना संख्या - 82, खेसरा संख्या - 1118 से संबंधित एक डिसमिल जमीन का है। इस जमीन पर गांव के ही मोहम्मद करीमन के पुत्र मोहम्मद बिलाल ने जबरन कब्जा कर रखा था। जबकि उक्त भूमि मोहम्मद बखरुदीन के पुत्र शेखर मोहम्मद हकीम के नाम से राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, जो कि पर्चाधारी हैं।


इस संबंध में पर्चाधारी द्वारा अंचल कार्यालय में वेदखली वाद संख्या 01/25-26 दायर किया गया था, जो वर्षों से लंबित था। न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के पश्चात अंचल प्रशासन हरकत में आया और जिला प्रशासन से पुलिस बल की मांग की गई।


पुलिस बल की उपस्थिति में बुधवार को अंचल प्रशासन ने विवादित भूमि को खाली करवाया और पर्चाधारी को कब्जा सौंपा गया। कार्रवाई के दौरान खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, एएसआई विवेक कांत शेखर, राजस्व कर्मचारी सुनील कुमार, अंचल अमीन पवन कुमार तथा अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।


कार्यवाही के दौरान गांव में किसी प्रकार की अशांति ना हो, इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। अधिकारियों की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।


इस निर्णय से पर्चाधारी व उनके परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन की निष्पक्ष कार्यशैली की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर सभी मामलों में इस तरह से त्वरित न्याय हो, तो भूमि विवादों की संख्या में काफी कमी आएगी।