जन सुराज पार्टी ने रविवार को बेगूसराय ज़िले के चेरियाबरियारपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खोदावंदपुर प्रखंड के दौलतपुर पंचायत स्थित चलकी गाँव में दो स्थानों पर जन संवाद सह जन जागरूकता अभियान का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व बाड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया एवं पार्टी के राज्य कार्यकारिणी सदस्य टिंकु राय ने किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए टिंकु राय ने वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जाति, धर्म और हिंदू-मुस्लिम के नाम पर जनता को डराकर वोट लेती है। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा और कहा कि बिहार अब ‘जंगलराज’ और ‘अफसरशाही राज’ दोनों से तंग आ चुका है।
टिंकु राय ने शिक्षा की गिरती गुणवत्ता, बढ़ती बेरोज़गारी, पलायन और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अब बिहार की जनता को एक तीसरा विकल्प मिल चुका है और लोग बदलाव के लिए तैयार हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान दर्जनों लोगों ने जन सुराज पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की। महिलाओं की भागीदारी भी कार्यक्रम में विशेष रूप से देखने को मिली।
मौके पर मनोज दास, अभिषेक महतो, राजब्बर चौधरी, नंदकिशोर महतो, राम उदय महतो, राम नारायण महतो, उमेश महतो और सिंघासन देवी समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।