बेगूसराय: बेगूसराय से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्षी नेताओं – चरणजीत सिंह चन्नी, अजय राय और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे – के हालिया बयानों को लेकर कड़ा हमला बोला है। गिरिराज सिंह ने कहा कि "यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं है, बल्कि यह देश की सुरक्षा और हमारे वीर जवानों के सम्मान पर सीधा प्रहार है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं के बयान न केवल भारत विरोधी ताकतों को बल देते हैं, बल्कि दुश्मन देशों के दुष्प्रचार के लिए तोहफे के समान हैं। "जब देश की सीमाओं पर हमारे सैनिक जान की बाज़ी लगाकर देश की रक्षा कर रहे हैं, तब ऐसे बयान देना शर्मनाक और विश्वासघात के समान है," सिंह ने कहा।
गिरिराज सिंह ने मांग की कि कांग्रेस नेताओं को न केवल देश से, बल्कि हमारी सेना से भी माफ़ी माँगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इन नेताओं ने अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से खेद नहीं जताया, तो देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि "राजनीतिक मतभेद होना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना के मनोबल से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करना देशविरोधी मानसिकता को दर्शाता है।"
यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश में चुनावी माहौल गर्म है और राष्ट्रीय सुरक्षा एक अहम मुद्दा बनकर उभरा है।